उत्तराखंड: पहाड़ में खेती को मिलेगी नई रफ्तार, जापान के 500 करोड़ से संवरेंगे 16 ब्लॉक
उत्तराखंड के चार पर्वतीय जिलों के 16 ब्लॉकों में करीब 500 करोड़ रुपये के जायका प्रोजेक्ट से खेती को बढ़ावा दिया जाएगा.
देहरादून (उत्तराखंड): उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में खेती को बढ़ावा देने और किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए करीब 500 करोड़ रुपये का जायका प्रोजेक्ट संचालित किया जा रहा है. जापान सरकार के वित्तीय सहयोग से चल रही इस परियोजना के तहत प्रदेश के चार जिलों पिथौरागढ़, नैनीताल, टिहरी और उत्तरकाशी को शामिल किया गया है. इन जिलों के 16 ब्लॉकों में फल और सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ ही किसानों को बाजार से जोड़ने की व्यवस्था विकसित की जाएगी.
किसानों को उपज का मिलेगा बेहतर मूल्य: परियोजना को साल 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.खास बात यह है कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल कृषि उत्पादन बढ़ाना नहीं, बल्कि खेत से लेकर बाजार तक ऐसी व्यवस्था तैयार करना है, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके. इसके लिए उत्पादन, भंडारण, वैल्यू एडिशन और मार्केटिंग पर एक साथ काम किया जाएगा. साथ ही किसानों को किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) से जोड़ने की योजना है, ताकि वे संगठित होकर अपनी उपज की बिक्री कर सकें.
